home page

जामुड़िया इलाके में पानी का समस्या को लेकर निवासियों ने किया सड़क जाम

 | 
जामुड़िया इलाके में पानी का समस्या को लेकर निवासियों ने किया सड़क जाम


आसनसोल, 29 मार्च (हि. स.)। जामुड़िया में पानी की समस्या को लेकर निवासियों का गुस्सा सड़कों पर देखने को मिला। आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या-6 के जामुड़िया बाईपास इलाके में पेयजल संकट से परेशान स्थानीय निवासियों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया और राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से पानी की किल्लत बनी हुई है। नियमित जल आपूर्ति नहीं हो रही है और गर्मी बढ़ने के साथ स्थिति और गंभीर हो गई है। उनका आरोप है कि वे कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। इसी नाराजगी के कारण लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसनसोल नगर निगम के बोरो चेयरमैन शेख सान्दार मौके पर पहुंचे। वहीं भाजपा प्रत्याशी बिजन मुखर्जी भी वहां पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत की। दोनों नेताओं ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान किया जाएगा।

नेताओं के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम हटा लिया और धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो गया। हालांकि लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

इस घटना के बाद जामुड़िया में पानी की समस्या एक अहम मुद्दा आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या चार अंतर्गत छह नंबर मुस्लिम मोहल्ला, कलकतिया मिल के समीप शुद्ध पेयजल की समस्या को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। महीनों से पानी की आपूर्ति बाधित रहने के विरोध में सुबह करीब नौ बजे से लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू किया, जो लगभग कई घंटों तक जारी रहा। इस दौरान आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।

आंदोलन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। घटना की सूचना पाकर भाजपा उम्मीदवार डॉ. बिजन कुमार मुखर्जी और कांग्रेस नेता फिरोज खान मौके पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारी महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। विपक्षी नेताओं ने इस समस्या के लिए नगर निगम प्रशासन तथा स्थानीय विधायक हरेराम सिंह को जिम्मेदार ठहराया।

इधर, स्थिति को संभालने पहुंचे बोरो चेयरमैन शेख शानदार ने भी प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल आपूर्ति की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा और संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा