जामुड़िया में घर से युवा तृणमूल नेता की पत्नी का जला शव बरामद, पति हिरासत में
पश्चिम बर्दवान, 22 सितंबर (हि. स.)। जामुड़िया के केंदा पुलिस चौकी अंतर्गत सोनपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर के अंदर से तृणमूल युवा कांग्रेस नेता की पत्नी पम्पा मंडल (40) का जला हुआ शव बरामद हुआ। घटना के बाद पुलिस ने मृतका के पति नरोत्तम मंडल उर्फ निताई को हिरासत में लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार सुबह सोनपुर गांव स्थित ससुराल से पम्पा मंडल का शव बरामद होने की सूचना मिली थी। जामुड़िया थाना के केंदा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पम्पा का मायका सालानपुर थाना के सामडी गांव में बताया गया है।
नरोत्तम मंडल पांडवेश्वर ब्लॉक के युवा तृणमूल अध्यक्ष हैं और उन्हें तृणमूल के पूर्व जिलाध्यक्ष तथा पांडवेश्वर के पूर्व विधायक नरेन चक्रवर्ती का करीबी बताया जाता है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नरोत्तम कुछ समय तक इलाके से बाहर थे। बाद में चुनाव बाद हिंसा और वसूली सहित कई आरोपों में उनकी गिरफ्तारी हुई थी। कुछ समय जेल में रहने के बाद वह फिलहाल जमानत पर बाहर थे।
इधर, घर से उनकी पत्नी का जला हुआ शव मिलने के बाद घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पम्पा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घर में आग कैसे लगी, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। जांचकर्ताओं को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

