home page

जामुड़िया में दीवार लेखन पर गोबर पोतने का आरोप, राजनीतिक माहौल गरमाया

 | 
जामुड़िया में दीवार लेखन पर गोबर पोतने का आरोप, राजनीतिक माहौल गरमाया


आसनसोल, 19 मार्च (हि. स.)। जामुड़िया के कोयलांचल क्षेत्र अंतर्गत तफसी ग्राम पंचायत के कुनुस्तोड़िया के मस्जिद पाड़ा इलाके में तृणमूल कांग्रेस के दीवार लेखन पर गोबर पोतने के आरोप को लेकर इलाके में सनसनी फैल गई है।

तृणमूल कांग्रेस ने जामुड़िया विधानसभा सीट से हरेराम सिंह को एक बार फिर अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इसके बाद से पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक जोरशोर से दीवार लेखन के जरिए प्रचार अभियान में जुट गए थे। इसी बीच इन दीवार लेखनों पर गोबर पोतने की घटना सामने आने के बाद इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया है।

स्थानीय स्तर पर देखा गया कि कई जगहों पर इस तरह की घटनाएं हुई हैं, जिससे तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नाराजगी फैल गई। घटना की खबर मिलते ही तफसी क्षेत्र में बड़ी संख्या में तृणमूल कार्यकर्ता और समर्थक मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।

तृणमूल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश है और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं, विधायक एवं प्रत्याशी हरेराम सिंह ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

दूसरी ओर, भाजपा प्रत्याशी डॉ. बिजन मुखर्जी ने जनसंपर्क और प्रचार अभियान के दौरान इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस तरह के कृत्यों में शामिल नहीं होते।

उन्होंने दावा किया कि यह तृणमूल के अंदरूनी गुटबाजी का नतीजा है और इसका भाजपा से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा कभी भी इस तरह के कार्यों को बढ़ावा नहीं देती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा