संविधान बचाने के लिए बंगाल को बचाना जरूरी : सायोनी घोष
आसनसोल, 11 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बर्दवान जिले के जामुड़िया में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस की सांसद और अभिनेत्री ने सायोनी घोष ने तृणमूल पार्टी प्रत्याशी हरेराम सिंह के समर्थन में चुनावी प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने जामुड़िया ब्लॉक-2 के चिचुड़िया दलदली मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
सभा से पहले सायोनी घोष ने चिचुड़िया सुभाष समिति क्लब में नेताजी की तस्वीर पर माल्यार्पण किया और मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पिछले 15 वर्षों में राज्य में उल्लेखनीय विकास कार्य किए हैं और जनता से अपील की कि उनके नेतृत्व में चौथी बार सरकार बनाई जाए। उन्होंने 2021 के चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जामुड़िया में 44 वर्षों तक वाम दलों का दबदबा रहा, जिसे हरेराम सिंह ने तोड़ दिया।
सायोनी घोष ने हरेराम सिंह को एक “किंवदंती” बताते हुए विश्वास जताया कि इस बार भी वे जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सभी धर्म और वर्ग के लोगों की पार्टी है और भारत के संविधान को बचाने के लिए बंगाल को बचाना जरूरी है, जो केवल ममता बनर्जी ही कर सकती हैं।
एसआईआर से 91 लाख नाम हटाने के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि हटाए गए नामों में 63 प्रतिशत हिंदू हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भाजपा हिंदुओं के हित की बात करती है तो फिर ऐसा क्यों हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चाहती है कि बंगाल के लोग उनके सामने सिर झुकाएं, लेकिन ममता बनर्जी के नेतृत्व में ऐसा कभी नहीं होगा।
उन्होंने वामपंथी शासन के 34 वर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह से वाम दलों ने दमन किया था, उसी तरह ममता बनर्जी ने उन्हें सत्ता से हटाया और भाजपा उनके सामने कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार का काम जनता के हितों की रक्षा करना है, न कि हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर समाज में विभाजन पैदा करना।
सायनी घोष ने भाजपा और पर निशाना साधते हुए कहा कि वे ब्रिटिश शासन की तरह देश चलाना चाहते हैं, लेकिन बंगाल की जनता उन्हें भी बाहर का रास्ता दिखाएगी।
उन्होंने भाजपा के वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कोई नेता तीन हजार रुपये देने की बात करता है तो पहले डेढ़ हजार रुपये अग्रिम दे। उन्होंने भाजपा को “जुमला सरकार” बताते हुए कहा कि 15 लाख रुपये खाते में देने का वादा आज तक पूरा नहीं हुआ।
सायनी घोष ने दावा किया कि ममता बनर्जी चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगी और यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो वे देश की प्रधानमंत्री भी बन सकती हैं। उन्होंने जामुड़िया की जनता से अपील की कि वे दूसरी बार हरेराम सिंह को विधायक बनाकर क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

