home page

जामुड़िया के चिंचुड़िया, डोबराना और चिंचुड़िया डांगालपाड़ा में आधी रात बिजली गुल होने से ग्रामीण परेशान

 | 
जामुड़िया के चिंचुड़िया, डोबराना और चिंचुड़िया डांगालपाड़ा में आधी रात बिजली गुल होने से ग्रामीण परेशान


पश्चिम बर्दवान, 10 अगस्त (हि. स.)। जिले के जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के तीन गांवों में आधी रात अचानक बिजली काटे जाने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। चिंचुड़िया, डोबराना और चिंचुड़िया डांगालपाड़ा के ग्रामीणों का आरोप है कि ईसीएल के सोनपुर बाजारी एरिया प्रबंधन ने बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति बंद कर दी।

ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार देर रात अचानक बिजली गुल हो गई। इससे तीनों गांवों के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय निवासी शंकर बनर्जी ने बताया कि ग्रामीण पिछले 10 वर्षों से ईसीएल की बिजली लाइन का इस्तेमाल कर रहे हैं। अचानक बिजली काटे जाने से लोगों के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो गई। बिजली कटने की खबर फैलने के बाद सोमवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण सोनपुर बाजारी एरिया कार्यालय पहुंचे और कार्यालय के गेट का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने ईसीएल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।

चिंचुड़िया निवासी अंबिका बनर्जी ने कहा कि घर में छोटे बच्चे हैं और राज्य की बिजली व्यवस्था का बिल वहन करना उनके लिए मुश्किल है। ऐसे में ईसीएल की बिजली पर निर्भर ग्रामीणों के सामने अचानक संकट खड़ा हो गया। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की।

कई घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने मामले में हस्तक्षेप किया। उनके प्रयास से ईसीएल प्रबंधन ने तीनों गांवों में बिजली आपूर्ति दोबारा बहाल कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि दोबारा बिना सूचना बिजली काटी गई तो वे बड़े आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं।फिलहाल तीनों गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा