home page

जामुड़िया में सीपीएम के रक्तदान शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से तनाव

 | 
जामुड़िया में सीपीएम के रक्तदान शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से तनाव


पश्चिम बर्दवान, 01 अगस्त (हि.स.)।

आसनसोल संसदीय क्षेत्र अंर्तगत जामुडिया विधानसभा क्षेत्र के आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या तीन के 10 नंबर इलाके में शनिवार को दिवंगत सांसद विकास चौधरी की 22वीं पुण्यतिथि पर सीपीएम की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अचानक तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।

रक्तदान शिविर के मंच से सीपीएम की राज्य नेता मीनाक्षी मुखर्जी संबोधित कर रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान भाजपा मंडल-4 के सचिव राजू गांगुली, मंडल-4 युवा मोर्चा के अध्यक्ष विशाल गांगुली सहित कुछ भाजपा कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद मंच से ही मीनाक्षी मुखर्जी और भाजपा नेताओं राजू गांगुली तथा विशाल गांगुली के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

इसके बाद वहां मौजूद सीपीएम समर्थकों ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम स्थल छोड़ने को कहा। आरोप है कि कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई और माहौल गर्म हो गया।

स्थिति बिगड़ते देख जामुड़िया थाना पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया। पुलिस की तत्परता से किसी बड़ी अप्रिय घटना को टाल दिया गया और इसके बाद रक्तदान शिविर शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

सीपीएम नेता मिनाक्षी मुखर्जी ने खहा कि पूरे मामले को लेकर जामुड़िया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी। घटना पर मीनाक्षी मुखर्जी ने कहा कि आज जो हुआ, वही भाजपा का असली चरित्र है। तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में जो होता था, वही अब भाजपा के शासन में हो रहा है। भाजपा हर जगह दमन-पीड़न की राजनीति कर रही है। बंगाल की जनता सब कुछ देख रही है। यदि भाजपा में साहस है तो वह सार्वजनिक रूप से कहे कि जो लोग वहां आए थे, वे उनकी पार्टी के नहीं थे।

वहीं भाजपा मंडल-4 के अध्यक्ष संजय सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा, भाजपा के नेता वहां कोई विवाद करने नहीं गए थे। सभी स्थानीय निवासी हैं और रक्तदान शिविर में कोई भी जा सकता है। लेकिन कार्यक्रम के दौरान सीपीएम की ओर से भाजपा के खिलाफ लगातार प्रचार किया जा रहा था, जिसका स्थानीय भाजपा नेताओं ने केवल विरोध किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा