home page

जामुड़िया में परित्यक्त ईसीएल क्वार्टर से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद

 | 
जामुड़िया में परित्यक्त ईसीएल क्वार्टर से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद


पश्चिम बर्दवान, 20 अगस्त (हि. स.)। अवैध हथियारों और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) और जामुड़िया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान के दौरान जामुड़िया स्थित ईसीएल की नॉर्थ सीयरसोल कोलियरी के एक परित्यक्त दो मंजिला क्वार्टर से भारी मात्रा में अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे डीडी और जामुड़िया थाने की पुलिस ने परित्यक्त क्वार्टर में छापेमारी की। यह कार्रवाई जामुड़िया थाना कांड संख्या 219/26 में पुलिस हिरासत में मौजूद एक आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर की गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देशी 7-एमएम पिस्तौल, एक देशी रिवॉल्वर, दो देशी पाइप गन और आठ राउंड जिंदा गोलियां बरामद कीं। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

पुलिस के अनुसार, हथियार बरामदगी को लेकर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद हथियार कहां से लाए गए थे, इनका इस्तेमाल किन आपराधिक गतिविधियों में होना था और इनके पीछे किसी बड़े गिरोह की भूमिका है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा