जलपाईगुड़ी में माकपा जिला कार्यालय पर हमले का आरोप
कोलकाता, 08 सितंबर (हि.स.)।
जलपाईगुड़ी में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जिला कार्यालय पर कथित रूप से हमला किए जाने का आरोप सामने आया है। इस घटना को लेकर पार्टी के प्रदेश सचिव मोहम्मद सलीम ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट साझा करते हुए बीजेपी समर्थकों पर हमला करने का आरोप लगाया है।
मोहम्मद सलीम द्वारा साझा किए गए पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि रात करीब 10:30 बजे कुछ लोग कथित तौर पर चोरों की तरह कार्यालय परिसर में पहुंचे और हमला किया।
सलीम ने अपने पोस्ट में इसे लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए घटना की निंदा की है। उनके साझा किए गए संदेश के मुताबिक, जलपाईगुड़ी में सीपीएम के जिला पार्टी कार्यालय को कथित रूप से बीजेपी के बदमाशों द्वारा निशाना बनाया गया।
घटना को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। हालांकि, हमले और आरोपों को लेकर पुलिस प्रशासन या बीजेपी की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की सच्चाई और हमले में शामिल लोगों की पहचान को लेकर अब आगे की जांच पर नजर रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

