अष्टमी गंगा स्नान पर उमड़े हजारों श्रद्धालु
जलपाईगुड़ी, 26 मार्च (हि.स)। जिले के राजगंज के आमबाड़ी स्थित करतोया नदी में पारंपरिक अष्टमी गंगा स्नान का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ घाट और आसपास के क्षेत्रों में उमड़ पड़ी।
सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी समेत विभिन्न इलाकों से आए भक्तों ने पवित्र स्नान कर पुण्य अर्जित किया।
इस आयोजन का संचालन आमबाड़ी गंगा संघ क्लब द्वारा किया गया, जो इस वर्ष अपने 57वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है।
अष्टमी स्नान के अवसर पर सात दिवसीय मेले की भी शुरुआत हुई है, जो एक अप्रैल तक चलेगा। मेले का उद्घाटन राजगंज के निवर्तमान विधायक खगेश्वर राय ने किया, जहां कई स्थानीय गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए करतोया नदी में स्पीड बोट तैनात की गई है। साथ ही महिलाओं के लिए अलग चेंजिंग रूम सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी इस पारंपरिक अष्टमी स्नान और मेले में लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

