home page

जलपाईगुड़ी में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान

 | 
जलपाईगुड़ी में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान


जलपाईगुड़ी, 04 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में दो युवकों द्वारा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से अपने इलाके में मादक पदार्थों की खुलेआम तस्करी की शिकायत मिलने के दो दिन बाद जलपाईगुड़ी नगर में पुलिस ने व्यापक मादक पदार्थ विरोधी अभियान चलाया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री से शिकायत करने वाले दोनों युवक दीप दास और गगन सकारू जलपाईगुड़ी नगर के इंदिरा गांधी कॉलोनी के निवासी हैं। दोनों ने अपने क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की शिकायत मुख्यमंत्री से की थी।सोमवार रात जलपाईगुड़ी नगर के इंदिरा गांधी कॉलोनी मिलने में कोतवाली थाने की पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।

पुलिस ने बताया कि इलाके में अवैध मादक पदार्थ कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। कोतवाली थाना पुलिस ने इंदिरा गांधी कॉलोनी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ कारोबारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए शराब की बोतलें तथा मादक पदार्थ बरामद किए।

जिला पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी वीणापाणी ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों से संबंधित गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम पूरे जिले में निरंतर मादक पदार्थ विरोधी अभियान चला रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जब जलपाईगुड़ी जिला अधिकारी कार्यालय से जल्पेश मंदिर जा रहे थे, उसी दौरान दोनों युवकों ने उनके काफिले को रोककर शिकायत की थी। शिकायत सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने कथित रूप से अपना मोबाइल नंबर दोनों युवकों को दिया और समस्या बनी रहने पर व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क करने को कहा था।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इंदिरा गांधी कॉलोनी बाजार क्षेत्र में कई चाय की दुकानों और होटलों के पीछे लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों का कारोबार संचालित हो रहा है। इससे क्षेत्र का सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है तथा बड़ी संख्या में युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं। उनका कहना है कि पहले भी पुलिस ने कई बार छापेमारी की, लेकिन प्रत्येक कार्रवाई के कुछ समय बाद अवैध कारोबार फिर से शुरू हो जाता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता