home page

जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज में खून की अदला-बदली का मामला : मरीज की मौत, तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित

 | 
जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज में खून की अदला-बदली का मामला : मरीज की मौत, तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित


जलपाईगुड़ी, 18 नवंबर (हि. स.)। जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ाने के आरोप के बाद इलाजरत एक मरीज की मौत हो गई है। मृतक की पहचान कचुआ-बोआलमारी निवासी बीरेंद्रनाथ शर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। मामले की जांच के लिए स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है। वहीं, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। बुधवार दोपहर शव परिवार को सौंप दिया गया।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सांस लेने में परेशानी के कारण बीरेंद्रनाथ शर्मा को पिछले शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका ब्लड ग्रुप एबी पॉजिटिव था। आरोप है कि शनिवार को उन्हें खून की दूसरी यूनिट चढ़ाते समय गलती से ए पॉजिटिव ग्रुप का खून चढ़ा दिया गया। इसी वार्ड में भर्ती एक अन्य मरीज बुलीन राय को भी गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ाए जाने का आरोप है। हालांकि, उनकी शारीरिक स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

खून चढ़ाने के बाद बीरेंद्रनाथ शर्मा की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें डायलिसिस पर रखा गया। मंगलवार रात उनकी हालत और गंभीर होने पर अतिरिक्त रक्त की आवश्यकता पड़ी। इस दौरान भाजपा के जिला उपाध्यक्ष बुबाई कर ने एबी पॉजिटिव रक्तदान किया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद बुधवार सुबह कार्डियक अरेस्ट से मरीज की मौत हो गई। मृतक के परिजनों की ओर से फिलहाल कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

दूसरी ओर, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीज की दोनों किडनियां पहले से ही खराब थी। इसके अलावा एनीमिया और अन्य गंभीर शारीरिक जटिलताओं के कारण उनकी स्थिति मल्टी ऑर्गन फेल्योर तक पहुंच गई थी।

हालांकि, गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ाने के आरोप को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है। साथ ही, घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को शोकॉज नोटिस भेजा गया है।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष बुबाई कर ने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर मामले में कार्रवाई शुरू हो चुकी है और पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार