home page

तृणमूल नेता जयप्रकाश मजूमदार गिरफ्तार, फ्लैट पर अवैध कब्जे और मकान मालकिन को धमकाने का आरोप

 | 
तृणमूल नेता जयप्रकाश मजूमदार गिरफ्तार, फ्लैट पर अवैध कब्जे और मकान मालकिन को धमकाने का आरोप


कोलकाता, 03 जून (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयप्रकाश मजूमदार को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उन पर एक फ्लैट पर वर्षों से अवैध कब्जा करने, उसकी वृद्ध मकान मालकिन को कथित रूप से धमकाने और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने उन्हें विधाननगर उत्तर थाना क्षेत्र से हिरासत में लेने के बाद औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, जयप्रकाश मजूमदार ने वर्ष 2012 में विधाननगर के एई-337 नंबर फ्लैट को किराये पर लिया था। आरोप है कि वर्ष 2015 में एग्रीमेंट की अवधि समाप्त होने के बावजूद उन्होंने एग्रीमेंट का नवीनीकरण नहीं कराया। इसके बावजूद वह और उनका परिवार फ्लैट में रह रहे थे।

फ्लैट की मालिक आरती रायचौधुरी ने आरोप लगाया है कि उन्होंने कई बार कानूनी नोटिस भेजकर फ्लैट खाली करने को कहा था, लेकिन जयप्रकाश मजूमदार और उनके परिवार ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। आरती ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें अपमानजनक टिप्पणियां की गईं और धमकियां दी गईं।

बुधवार को इस मुद्दे को लेकर कुछ लोग फ्लैट के बाहर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान जयप्रकाश मजूमदार ने कुछ प्रदर्शनकारियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की। स्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें हिरासत में लेकर विधाननगर उत्तर थाने ले गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, फ्लैट पर कथित अवैध कब्जे, मकान मालकिन को धमकाने तथा अन्य संबंधित आरोपों के आधार पर जयप्रकाश मजूमदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर