home page

जहांगीर खान के मकान को तोड़ने का काम दूसरे दिन भी जारी

 | 
जहांगीर खान के मकान को तोड़ने का काम दूसरे दिन भी जारी


दक्षिण 24 परगना, 12 नवंबर (हि. स.)। जिले के फलता में पूर्व तृणमूल कांग्रेस नेता जहांगीर खान के कथित अवैध मकान को तोड़ने का काम गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अदालत के आदेश के बाद बुधवार से शुरू हुई इस कार्रवाई के तहत गुरुवार सुबह करीब नौ बजे मजदूरों ने हथौड़े, ड्रिल मशीन और वाइब्रेटर की मदद से बहुमंजिली इमारत को तोड़ने का काम शुरू किया।

गुरुवार सुबह से ही घटनास्थल पर फलता के प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) संदीप सिंह राय, पुलिस अधिकारी, नागरिक सुरक्षा विभाग और विद्युत विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की कड़ी निगरानी में मकान तोड़ने की पूरी प्रक्रिया जारी है। साथ ही मकान के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम भी शुरू किया गया है। माना जा रहा है कि मकान तोड़ने की प्रक्रिया के प्रत्येक चरण पर नजर रखने के लिए यह व्यवस्था की जा रही है।

जहांगीर खान के मकान के निर्माण में अनियमितता के आरोप काफी पहले से लग रहे थे। इस संबंध में जिला प्रशासन के पास शिकायत दर्ज कराकर मकान की जांच कराने की मांग की गई थी। सामान्य तौर पर दो मंजिल से अधिक ऊंचे मकान के निर्माण के लिए जिला परिषद से योजना की स्वीकृति लेना आवश्यक होता है। फलता के श्रीरामपुर इलाके में स्थित जहांगीर के मकान का निर्माण निर्धारित नियमों के अनुसार हुआ है या नहीं, इस पर सवाल उठाए गए थे। शिकायत मिलने पर जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की थी। बाद में यह मामला अदालत तक पहुंच गया। अदालत से मकान तोड़ने की अनुमति मिलने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की। जहांगीर खान को कई बार नोटिस भेजे गए और सुनवाई के लिए भी बुलाया गया, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए। मकान को तोड़ने के लिए भी नोटिस जारी किया गया था। उन्हें सात दिनों के भीतर कथित अवैध निर्माण को स्वयं हटाने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, निर्धारित समय में आदेश का पालन नहीं किया गया। इसके बाद प्रशासन ने अपने स्तर पर निर्माण तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी।

बुधवार को भाई दूज के दिन सुबह से ही बहुमंजिला मकान को तोड़ने की तैयारी शुरू कर दी गई थी। सबसे पहले मकान के अंदर रखे विभिन्न सामानों को बाहर निकाला गया। इसके बाद निर्माण को तोड़ने का काम शुरू हुआ, जो गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने फलता विधानसभा क्षेत्र से जहांगीर खान को उम्मीदवार बनाया था। उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता रहा है। मतदान के दिन चुनाव में अनियमितता के आरोप सामने आए थे। इसके बाद चुनाव आयोग ने क्षेत्र में पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया था। हालांकि, मतदान से दो दिन पहले ही जहांगीर ने चुनावी मुकाबले से अपना नाम वापस ले लिया था। वह स्वयं को दक्षिण भारतीय फिल्म के चर्चित किरदार 'पुष्पा' जैसा बताकर चर्चा में आए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता