पांच बार विधायक रहे जहांगिर करीम का नाम विचाराधीन श्रेणी में
मेदिनीपुर, 03 मार्च (हि.स.)। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) की सूची जारी होने के बाद पश्चिम मेदिनीपुर जिले में आपत्तियों का सिलसिला जारी है। डेबरा के पूर्व विधायक एवं माकपा नेता जहांगीर करीम का नाम विचाराधीन श्रेणी में रखे जाने से सवाल खड़े हो गए हैं। उनकी पत्नी असफालुन बेगम नेहार का नाम भी विचाराधीन सूची में शामिल है।
मंगलवार सुबह जहांगीर करीम ने बताया कि उन्हें सुनवाई के लिए बुलाया गया था और उन्होंने स्कूल से पेंशन के कागजात सहित सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए। इसके बावजूद मतदाता सूची में उनका नाम विचाराधीन श्रेणी में रखा गया है।
उन्होंने कहा कि वे वर्ष 1977 से लगातार मतदान करते आ रहे हैं। वर्ष 1978 में पंचायत समिति चुनाव जीतकर डेबरा पंचायत समिति के पूर्त कार्याध्यक्ष बने थे। वर्ष 1983 में भी पंचायत चुनाव में विजय प्राप्त की। इसके बाद वर्ष 1987 से 2011 तक लगातार पांच बार विधायक रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति को लेकर वे असमंजस में हैं और आगे की कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं।
जाहांगिर करीम डेबरा थाना क्षेत्र के मैनान गांव के निवासी हैं और 164 नंबर मैनान प्राथमिक विद्यालय बूथ के मतदाता हैं। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

