home page

‘पुष्पा’ की गिरफ्तारी के बाद फलता में तृणमूल कार्यालय में तोड़फोड़, शराब की बोतलें और दस्तावेज मिलने का दावा

 | 
‘पुष्पा’ की गिरफ्तारी के बाद फलता में तृणमूल कार्यालय में तोड़फोड़, शराब की बोतलें और दस्तावेज मिलने का दावा


‘पुष्पा’ की गिरफ्तारी के बाद फलता में तृणमूल कार्यालय में तोड़फोड़, शराब की बोतलें और दस्तावेज मिलने का दावा


कोलकाता, 08 जून (हि. स.)। दक्षिण 24 परगना जिला अंतर्गत फलता से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व उम्मीदवार जहांगीर खान उर्फ ‘पुष्पा’ की नेपाल सीमा से गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही उनके कार्यालय में स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय का शटर और ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा वहां रखे सामान की तलाशी ली।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्यालय के भीतर से बड़ी संख्या में शराब की बोतलें और विभिन्न दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके बाद लोगों ने कार्यालय के कमरों और फर्नीचर की भी जांच की। हालांकि कुछ लोगों ने प्रदर्शनकारियों से केवल तलाशी लेने और किसी सामान को नुकसान नहीं पहुंचाने की अपील भी की।

उल्लेखनीय है कि गत 21 मई को फलता विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान से 48 घंटे पहले जहांगीर खान ने चुनाव मैदान से हटने की घोषणा की थी। इसके बाद से वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए थे। सोमवार को नेपाल-भारत सीमा के पास उन्हें गिरफ्तार किए जाने की सूचना मिली।

फलता विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान जहांगीर खान और उनके समर्थकों पर मतदाताओं को प्रभावित करने तथा मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने के आरोप लगे थे। चुनाव परिणाम आने के बाद भी उनके खिलाफ विभिन्न शिकायतों को लेकर विवाद बना रहा।

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद जहांगीर खान को पानीटंकी स्थित भारत-नेपाल सीमा के रास्ते भारत लाया गया। पहले उन्हें सिलीगुड़ी अदालत में पेश किए जाने और उसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

इधर, उनकी गिरफ्तारी की खबर फैलते ही फलता स्थित तृणमूल कार्यालय के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कार्यालय में तोड़फोड़ तथा तलाशी अभियान चलाया गया। मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता