home page

जगद्धात्री पूजा की तैयारियों पर सरकार गंभीर, चंदननगर में मंत्रियों ने की अहम प्रशासनिक बैठक

 | 
जगद्धात्री पूजा की तैयारियों पर सरकार गंभीर, चंदननगर में मंत्रियों ने की अहम प्रशासनिक बैठक


हुगली, 03 नवंबर (हि. स.)। चंदननगर की ऐतिहासिक जगद्धात्री पूजा को और भव्य, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार को चंदननगर के आलो टूरिज्म प्रॉपर्टी में एक विशेष प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पश्चिम बंगाल सरकार की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल और वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य चंदननगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाली जगद्धात्री पूजा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और समग्र प्रशासनिक प्रबंधन की समीक्षा करना था। इसके साथ ही पूजा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में राज्य मंत्री उमेश राय, चंदननगर के विधायक दीपांजन गुहा, जिलाधिकारी खुर्शीद अली कादरी, पुलिस कमिश्नर सुनील यादव, हुगली ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कुमार भूषण सिंह सहित जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में चंदननगर की पारंपरिक जगद्धात्री पूजा के साथ कालीपूजा, छठ और कार्तिक पूजा को लेकर भी विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया, ताकि सभी आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।

बैठक के बाद वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ अलग से बैठक की। इसके बाद उन्होंने चंदननगर के प्रतिमा विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया और कुछ पूजा पंडालों का भी दौरा किया।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष चंदननगर में जगद्धात्री पूजा की शुरुआत 16 नवंबर से होगी, जबकि 19 नवंबर को भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी।

राज्य सरकार और जिला प्रशासन का प्रयास है कि चंदननगर की ऐतिहासिक जगद्धात्री पूजा इस बार भी शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य तरीके से संपन्न हो तथा यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं मिलें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय