home page

कंधे पर उठाकर चंदननगर में रेलवे लाइन पार कराई गई जगद्धात्री प्रतिमा, 50 मिनट बाधित ट्रेन परिचालन

 | 

हुगली, 22 नवंबर (हि. स.)। जगद्धात्री पूजा के बाद चंदननगर की विसर्जन शोभायात्रा देखने के लिए देशभर से लोग पहुंचते हैं। प्राकृतिक आपदा के कारण गुरुवार, दशमी के दिन शोभायात्रा नहीं निकाली गई थी। इसे रविवार के लिए टाल दिया गया। हालांकि, शोभायात्रा में शामिल नहीं होने वाली कुछ पूजा समितियों ने रविवार सुबह से ही विसर्जन शुरू कर दिया।

चंदननगर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी हिस्से में कई जगद्धात्री पूजा होती हैं, जबकि स्टेशन के पूर्व में गंगा नदी है। प्रतिमाओं का आकार बड़ा होने के कारण उन्हें सब-वे से ले जाना संभव नहीं होता। इसलिए उन्हें कंधे पर उठाकर रेलवे लाइन पार कर पूर्वी किनारे तक ले जाया जाता है।

रविवार सुबह करीब 11 बजे सुभाषपल्ली उत्तरपाड़ा की जगद्धात्री प्रतिमा को कंधे पर उठाकर रेलवे लाइन पार कराया गया। सुभाषपल्ली बारोयारी पूजा समिति के सदस्यों ने बांस के ढांचे और रस्सियों की मदद से प्रतिमा को उठाया और रेलवे ट्रैक पर कुछ दूर तक ले गए। लाइन पार कराने के बाद प्रतिमा को पूर्वी किनारे पर एक लॉरी में रखा गया।

प्रतिमा को सुरक्षित निकालने के लिए सुबह 11 बजे से 11:50 बजे तक संबंधित रेल लाइन पर ट्रेन सेवा बंद रखी गई। इस दौरान कुछ समय के लिए ओवरहेड तारों की बिजली आपूर्ति भी बंद की गई। प्रतिमा को लाइन पार करा दिए जाने के बाद ट्रेन सेवा फिर शुरू कर दी गई।

इस अनोखे विसर्जन को देखने के लिए चंदननगर स्टेशन पर लोगों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना से बचाव के लिए शेवड़ाफुली जीआरपी थाने के प्रभारी प्रद्युत घोष माइक से लोगों को सावधान करते दिखे। रेलवे लाइन के आसपास रस्सी लगाकर घेरा भी बनाया गया और लोगों से दूर रहने की अपील की गई।

प्राकृतिक आपदा को देखते हुए गुरुवार सुबह चंदननगर के नित्यगोपाल स्मृति मंदिर में स्थानीय प्रशासन और सेंट्रल जगद्धात्री पूजा कमेटी की बैठक हुई थी। इसमें 180 पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ चंदननगर के विधायक दीपांजन गुहा भी मौजूद थे।

बैठक में विसर्जन शोभायात्रा की तारीख आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया था। शोभायात्रा रविवार शाम छह बजे शुरू होगी और सोमवार को प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय