home page

जादवपुर विश्वविद्यालय के नाम एक और बड़ी उपलब्धि: शोधार्थी अभिरूप चटर्जी को मिला गूगल पीएचडी फेलोशिप 2026

 | 

कोलकाता, 21 नवंबर (हि.स.)। जादवपुर विश्वविद्यालय के गौरव में एक नया अध्याय जुड़ गया है। विश्वविद्यालय के शोध छात्र अभिरूप चटर्जी को प्रतिष्ठित 'गूगल पीएचडी फेलोशिप 2026' के लिए चुना गया है। दावा किया जा रहा है कि विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार किसी छात्र ने यह मुकाम हासिल किया है।

इस वर्ष गूगल दुनिया भर से विभिन्न श्रेणियों में कुल 148 शोधार्थियों को यह फेलोशिप प्रदान कर रहा है। इनमें से 'मशीन लर्निंग एंड एमएल फाउंडेशन' श्रेणी में वैश्विक स्तर पर कुल 43 लोगों का चयन किया गया है, जिनमें अभिरूप भी शामिल हैं। विश्वविद्यालय के प्रति-कुलपति (प्रो-वाइस चांसलर) प्रोफेसर अमिताभ दत्त ने अभिरूप की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि मशीन लर्निंग के क्षेत्र में देश से कुल तीन शोधार्थियों को चुना गया है। इस सूची में अभिरूप का नाम आने से पूरा विश्वविद्यालय गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से अभिरूप के आगे की राह काफी आसान होगी और गूगल से पूर्ण आर्थिक सहायता मिलने के कारण उन्हें शोध के लिए फंड की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।

शांतिनिकेतन में अपना बचपन बिताने और वहीं से स्कूली शिक्षा पूरी करने वाले अभिरूप ने बाद में जादवपुर विश्वविद्यालय के कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभाग में दाखिला लिया था। स्नातकोत्तर (मास्टर्स) की पढ़ाई के बाद उन्होंने यहीं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर शोध शुरू किया और वर्तमान में मशीन लर्निंग पर काम कर रहे हैं। उनकी शोध मार्गदर्शक (रिसर्च गाइड) और कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग की प्रमुख प्रोफेसर सुष्मिता घोष ने बताया कि अभिरूप मुख्य रूप से फाउंडेशन मॉडल विकसित कर रहे हैं। उनके शोध का केंद्र डीप लर्निंग आर्किटेक्चर के भीतर रिप्रेजेंटेशन लर्निंग, डोमेन एडैप्टेशन और विजन-लैंग्वेज पर आधारित मल्टीमोडल लर्निंग है। छात्र की उपलब्धि से उत्साहित प्रोफेसर घोष ने कहा कि जादवपुर के इतिहास में किसी छात्र को गूगल की रिसर्च फेलोशिप मिलने का यह पहला अवसर है।

अपने शोध के बारे में जानकारी देते हुए अभिरूप ने बताया कि रिप्रेजेंटेशन लर्निंग में कई तकनीकी बाधाएं हैं, जिसके कारण इसे चिकित्सा क्षेत्र (मेडिकल डोमेन) या जियोस्पेशियल रीजनिंग जैसे सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील वास्तविक अनुप्रयोगों में लागू नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, हमारा उद्देश्य मशीन को केवल बुद्धिमान बनाना नहीं है, बल्कि उसे और अधिक हल्का (लाइटवेट) बनाना है। जिस प्रकार मानव मस्तिष्क परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने का प्रयास करता है, ठीक उसी तरह एक मशीन कितनी तेजी से अनुकूलन (एडैप्ट) कर सके, यह सुनिश्चित करना हमारा काम है। गूगल की यह प्रतिष्ठित फेलोशिप प्राप्त करने के बाद अभिरूप अब पूरे उत्साह के साथ अपने शोध को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता