home page

बर्नपुर में आइएसपी का बुलडोजर एक्शन, रांगापाड़ा में अवैध निर्माण ध्वस्त और पार्किंग शेड तोड़ने पर विवाद

 | 
बर्नपुर में आइएसपी का बुलडोजर एक्शन, रांगापाड़ा में अवैध निर्माण ध्वस्त और पार्किंग शेड तोड़ने पर विवाद


आसनसोल, 26 मई (हि. स.)। सेल आइएसपी प्रबंधन ने बर्नपुर में अपनी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को बर्नपुर के वार्ड नंबर 98 स्थित रांगापाड़ा इलाके में बुलडोजर चलाकर कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया, जिनमें तृणमूल कांग्रेस के दो पार्टी कार्यालय भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई से तीन दिन पहले ही संबंधित पक्षों को नोटिस दिया गया था। स्थानीय पार्षद कहकशा रियाज ने बताया कि नोटिस मिलने के बाद पार्टी कार्यालय को पहले ही खाली कर दिया गया था।

प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पुलिस और प्रशासनिक सहयोग मिलने पर आइएसपी प्रबंधन ने बर्नपुर के विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में अवैध रूप से बने पार्टी कार्यालयों और अन्य ढांचों को हटाया जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान आइएसपी कर्मचारियों के वाहनों के लिए बने एक पार्किंग शेड को भी तोड़ दिया गया, जिस पर विवाद खड़ा हो गया। पूर्व माकपा पार्षद सुबोध सिंह ने इसका विरोध करते हुए कहा कि यह शेड आइएसपी के उच्च अधिकारियों की अनुमति से बनाया गया था और इसे तोड़ने का कोई नोटिस नहीं दिया गया था।

उन्होंने मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों को दस्तावेज भी दिखाए, इसके बावजूद तोड़फोड़ जारी रही। बहस के बीच अन्य अवैध निर्माणों पर बुलडोजर की कार्रवाई जारी रखी गई।

आइएसपी प्रबंधन का कहना है कि कंपनी की जमीन पर हुए सभी अवैध कब्जों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा