इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी को चारों ट्रेड यूनियनों ने सौंपा संयुक्त ज्ञापन
पश्चिम बर्दवान, 12 जुलाई (हि. स.)। भारत सरकार के इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी के रविवार को सेल-आईएसपी बर्नपुर दौरे के दौरान संयंत्र की चारों मान्यता प्राप्त ट्रेड यूनियनों—इंटक, सीटू, एटक और एचएमएस ने संयुक्त रूप से एक ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों से जुड़े लंबे समय से लंबित विभिन्न मुद्दों के समाधान की मांग की।
इस दौरान सेल के चेयरमैन अशोक कुमार पांडा और डायरेक्टर-इन-चार्ज (आईएसपी एवं डीएसपी) सूरजित मिश्रा भी उपस्थित रहे। ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों की समस्याओं को विस्तार से रखते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए व्यक्तिगत हस्तक्षेप का अनुरोध किया।
ज्ञापन में एनजेसीएस वेज एग्रीमेंट को जल्द अंतिम रूप देने, कर्मचारियों के 39 माह के लंबित एरियर का भुगतान, एचआरए सहित सभी लंबित वित्तीय लाभों के निपटारे की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा ठेका श्रमिकों को केंद्र सरकार के वेतनमान के अनुरूप मजदूरी, सभी वैधानिक सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं और आयुष्मान भारत सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
ट्रेड यूनियनों ने संयंत्र में प्रस्तावित करीब 40 प्रतिशत ठेका श्रमिकों की छंटनी पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया। साथ ही बर्नपुर अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों की नियमित नियुक्ति, सेल-आईएसपी स्कूलों को पुनर्जीवित करने अथवा कर्मचारियों को शिक्षा भत्ता देने तथा अक्टूबर 2024 की हड़ताल के बाद स्थानांतरित कर्मचारियों को मानवीय आधार पर पुनः आईएसपी में वापस लाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
चारों ट्रेड यूनियनों ने उम्मीद जताई कि इस्पात मंत्री कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों से जुड़े इन न्यायोचित मुद्दों पर सकारात्मक पहल करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकार, सम्मान, रोजगार सुरक्षा और कल्याण से जुड़े हर मुद्दे को भविष्य में भी पूरी मजबूती के साथ उठाया जाता रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

