बर्नपुर में सेल आइएसपी की बड़ी कार्रवाई, अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर
आसनसोल , 23 मई (हि.स.)
बर्नपुर में सेल-आईएसपी (इस्को स्टील प्लांट) प्रबंधन द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए गए अभियान के तहत शनिवार को बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 78 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद अशोक रुद्र के कार्यालय को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान केवल एक कार्यालय ही नहीं, बल्कि सेल की जमीन पर बने कई तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालयों और क्लब घरों को भी तोड़ा गया। इस पूरे अभियान को लेकर क्षेत्र में काफी हलचल और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
सेल अधिकारियों के अनुसार, जिन संरचनाओं को हटाया गया, वे सभी कंपनी की जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई थीं। संबंधित पक्षों को पहले ही कई बार नोटिस देकर जगह खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आदेशों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद नियमानुसार यह कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि लंबे समय से चल रही प्रक्रिया का हिस्सा था। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाना भविष्य की विकास परियोजनाओं और आम जनता के हित में जरूरी हो गया था। खाली कराई गई जमीन पर बुनियादी ढांचे के विकास की योजना भी बनाई जा रही है।
इस अभियान को सफल बनाने में पुलिस प्रशासन की भी अहम भूमिका रही। सेल प्रबंधन ने पुलिस के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर समन्वय के कारण ही कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो सकी।
प्रशासन का दावा है कि पूरी कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर की गई है और आगे भी अवैध कब्जों के खिलाफ इसी तरह अभियान जारी रहेगा।
हालांकि, इस मामले में तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं भाजपा नेताओं ने इसे लेकर राज्य की पूर्ववर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने के कारण ऐसी कार्रवाई संभव नहीं हो पाती थी। अब अवैध कब्जों को हटाकर क्षेत्र के विकास का रास्ता साफ किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

