इस्लामपुर के यौन पल्ली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार नाबालिग समेत सात युवतियों का सुरक्षित बरामद
पश्चिम बर्दवान, 10 जुलाई (हि. स.)। उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर शहर स्थित यौन पल्ली में पुलिस ने एक बार फिर बड़ा अभियान चलाकर चार नाबालिग लड़कियों सहित कुल सात युवतियों को सुरक्षित बचाई है। मानव तस्करी और नाबालिगों को देह व्यापार में धकेले जाने की शिकायतों की जांच के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हलचल मच गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सूचना के आधार पर इस्लामपुर थाना पुलिस ने गुरुवार को यौन पल्ली के कई मकानों में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान चार नाबालिग समेत सात युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस अब नाबालिगों की उम्र का सत्यापन कराने के साथ-साथ उनके परिवारों का पता लगाने और यह जांच करने में जुटी है कि वे किस परिस्थिति में वहां पहुंचीं। मानव तस्करी से जुड़े गिरोह की भी गहन जांच शुरू कर दी गई है।
इस अभियान के दौरान इंग्लिश बाजार की पूर्व विधायक श्रीरूपा मित्र चौधरी भी मौजूद थीं। उन्होंने कहा कि नाबालिगों के साथ इस तरह के अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। मानव तस्करी और यौन शोषण के खिलाफ प्रशासन को और अधिक सख्ती से कार्रवाई करनी होगी। इस मुद्दे पर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग को ऐसे अपराधों के खिलाफ जागरूक होना चाहिए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देनी चाहिए। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार, पुलिस और आम जनता को मिलकर काम करना होगा।
पुलिस ने बताया कि सभी बचाई गई युवतियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। नाबालिगों को आगे की कार्रवाई के लिए चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश किया जाएगा। उनके काउंसलिंग और पुनर्वास की भी व्यवस्था की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से इस्लामपुर के यौन पल्ली में पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इससे पहले भी कई नाबालिगों को बचाया गया था तथा कुछ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का कहना है कि मानव तस्करी और नाबालिगों के यौन शोषण से जुड़े पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने तक यह अभियान जारी रहेगा।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से इस्लामपुर में मानव तस्करी गिरोह की सक्रियता को लेकर नई चिंता सामने आई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

