home page

इस्लामपुर का नाम बदलकर ईश्वरपुर करने की मांग, शहर में लगे बैनर-पोस्टरों ने बढ़ाई हलचल

 | 

इस्लामपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर शहर का नाम बदलकर ईश्वरपुर करने की मांग तेज हो गई है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की ओर से गुरुवार को शहर के विभिन्न इलाकों में इस मांग को लेकर पोस्टर और बैनर लगाए गए। शहर में प्रवेश के प्रमुख रास्तों पर ‘ईश्वरपुर शहर में आपका स्वागत है’ लिखे बैनर भी लगाए गए हैं। इस मुद्दे पर जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इस्लामपुर बस टर्मिनस, श्रीकृष्णपुर और आलिगंज सहित विभिन्न इलाकों में पोस्टर और बैनर लगाए। इसके अलावा शहर में प्रवेश के रास्तों पर राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे भी ‘ईश्वरपुर में स्वागत है’ लिखे बैनर लगाए गए। गुरुवार को विहिप के नेता और कार्यकर्ता इस अभियान के समर्थन में सड़कों पर उतरे।

विश्व हिंदू परिषद के जिला सचिव शशांक गंगोपाध्याय ने बताया कि चुनाव से पहले इस्लामपुर में आयोजित एक सभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शहर का नाम बदलकर ईश्वरपुर करने का आश्वासन दिया था। संगठन इसी मांग को लेकर अभियान चला रहा है।

इस मांग का स्थानीय वामपंथी और कांग्रेस नेताओं ने विरोध किया है। वहीं, जिला भाजपा नेतृत्व ने विहिप की मांग का समर्थन किया है। पोस्टर और बैनर लगाए जाने के बाद शहर में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप