इस्कॉन मंदिर में धूमधाम से मनाई गई गोवर्धन पूजा
सिलीगुड़ी, 10 नवंबर (हि. स.)। धार्मिक आस्था और उत्साह के बीच सिलीगुड़ी के इस्कॉन मंदिर में मंगलवार को गोवर्धन पूजा पूरे धूमधाम के साथ मनाई गई। पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विशेष अन्नकूट महाभोग अर्पित कर उत्सव मनाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। गोवर्धन पूजा सनातन धर्म के प्रमुख और पवित्र त्योहारों में से एक है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने वृंदावनवासियों को इंद्रदेव के बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा करने की सलाह दी थी। इससे क्रोधित होकर इंद्रदेव ने मूसलाधार बारिश और तूफान शुरू कर दिया। उस समय भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठ उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर लगातार सात दिनों तक ब्रजवासियों और उनके मवेशियों की रक्षा की थी। भगवान श्रीकृष्ण की इस लीला के माध्यम से भक्तों के प्रति उनकी असीम कृपा और शरण में आने वालों की रक्षा का संदेश मिलता है। इसी परंपरा के तहत गोवर्धन पूजा के दिन श्रद्धालु पर्वत की प्रतीकात्मक आकृति बनाकर पूजा-अर्चना करते हैं और भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट महाभोग अर्पित करते हैं। इसके साथ ही भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के जरिए श्रद्धालु उत्सव में शामिल होते हैं।
गोवर्धन पूजा का मुख्य संदेश भगवान के प्रति अटूट विश्वास, प्रकृति और गौ-संरक्षण के प्रति सम्मान तथा भक्ति भाव से ईश्वर की शरण में रहना है। सिलीगुड़ी के इस्कॉन मंदिर में आयोजित इस उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

