home page

पश्चिम बंगाल के सरकारी स्कूलों में इस्कॉन का मिड-डे मील, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया मेगा किचन का उद्घाटन

 | 
पश्चिम बंगाल के सरकारी स्कूलों में इस्कॉन का मिड-डे मील, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया मेगा किचन का उद्घाटन


कोलकाता, 01 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को शनिवार से इस्कॉन के माध्यम से मिड-डे मील उपलब्ध कराया जा रहा है। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस्कॉन की पायलट परियोजना के तहत स्थापित मेगा किचन का उद्घाटन किया।

उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री ने इस्कॉन परिसर में आयोजित यज्ञ में भाग लिया। इसके बाद उन्होंने मेगा किचन का निरीक्षण किया और स्वयं मिड-डे मील तैयार करते भी नजर आए। इस अवसर पर मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल और स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन भी मौजूद रहे। दोनों ने रसोई की पूरी व्यवस्था का जायजा लिया।

उद्घाटन समारोह में प्रतीकात्मक रूप से पांच सरकारी स्कूलों के 40 विद्यार्थी शामिल हुए। मेगा किचन के शुभारंभ के साथ ही मिड-डे मील पहुंचाने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को भी मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इस्कॉन की अन्नामृत फाउंडेशन के माध्यम से मिड-डे मील की आपूर्ति शुरू हो गई है। उन्होंने इस्कॉन के सभी पदाधिकारियों, प्रचारकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था स्वच्छ और सुव्यवस्थित तरीके से राज्य सरकार के साथ जुड़ी है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्कूलों की ओर आकर्षित करने और उनके समग्र विकास के उद्देश्य से मिड-डे मील योजना की परिकल्पना भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से कई संस्थाएं इस अभियान से जुड़ रही हैं, जिनके सहयोग से बच्चों तक पौष्टिक और संतुलित भोजन पहुंचाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर