जलपाईगुड़ी में ‘हाउसिंग फॉर ऑल’ योजना में गड़बड़ी, 632 लाभार्थियों पर होगी कार्रवाई
जलपाईगुड़ी, 16 जुलाई (हि.स.)। जिले में ‘हाउसिंग फॉर ऑल’ योजना को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला गुरुवार को सामने आया है। आरोप है कि कई लाभार्थियों ने सरकारी अनुदान लेने के बावजूद घर निर्माण शुरू नहीं किया, जबकि कुछ लोगों ने फर्जी तरीके से खाली जमीन दिखाकर पुराने मकानों की छत पर ही निर्माण कर लिया।
नगरपालिका सूत्रों के अनुसार, 2015-16 से 2021-22 तक कुल 8,038 लोगों को घर बनाने के लिए आर्थिक सहायता दी गई। लेकिन इनमें से 632 लाभार्थियों (लगभग 8%) ने पहली किस्त मिलने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया। अनियमितता का आंकड़ा 2015-16 में संख्या सिर्फ सात थी, जो 2018-19 में बढ़कर 240 और 2021-22 में 202 तक पहुंच गई।
मामला सामने आने के बाद नगरपालिका बोर्ड बैठक में इस पर चर्चा हुई और संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए। कुछ को बुलाकर सख्त चेतावनी भी दी गई, लेकिन ज्यादातर लाभार्थियों ने कोई कदम नहीं उठाया।
नियम के अनुसार, जिस जमीन के दस्तावेज दिखाकर अनुदान लिया गया है, उसी पर घर बनाना अनिवार्य है। लेकिन कई लोग इसका उल्लंघन कर रहे हैं।
नगरपालिका के चेयरमैन सैकत चट्टोपाध्याय ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग अब भी काम शुरू नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जियो-टैगिंग में गड़बड़ी पाए जाने पर अगली किस्त रोक दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर सरकारी पैसा भी वापस लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजना का दुरुपयोग करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

