सोना पप्पू से अपराधिक सांठ-गांठ के आरोप में आईपीएस और व्यवसायी को ईडी ने पूछताछ के लिए बुलाया
कोलकाता, 12 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित मनी लॉन्ड्रिंग और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े मामले में जांच तेज करते हुए एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और एक कारोबारी को तलब किया है। यह कार्रवाई बिस्वजीत पोद्दार उर्फ ‘सोना पप्पू’ से जुड़े मामले में की गई है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, आईपीएस अधिकारी गौरव लाल और कारोबारी जॉय कामदार को पूछताछ के लिए समन जारी किया गया है। गौरव लाल पूर्व में कोलकाता पुलिस में डिप्टी कमिश्नर रह चुके हैं और वर्तमान में हावड़ा पुलिस में पदस्थ हैं। हालांकि इस मामले में उनकी भूमिका अभी स्पष्ट नहीं है।
जांच एजेंसी ने एक अप्रैल को कोलकाता के कस्बा और बालिगंज इलाके में स्थित सोना पप्पू के ठिकानों समेत कुल आठ स्थानों पर छापेमारी की थी। इसी दिन जॉय कामदार के आवास पर भी तलाशी ली गई, जहां से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई थी।
ईडी के अनुसार, छापेमारी के दौरान करीब एक करोड़ 47 लाख रुपये नकद जब्त किए गए, जबकि 67 लाख 64 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद हुए। इसके अलावा सोना पप्पू के उपयोग में आने वाली एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को भी जब्त किया गया। तलाशी के दौरान ‘मेड इन यूएसए’ लिखी एक रिवॉल्वर भी बरामद हुई, जिसे बाद में पुलिस को सौंप दिया गया।
जांच एजेंसी का कहना है कि पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस में दर्ज कई प्राथमिकी के आधार पर यह मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की गई है। सोना पप्पू के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और शस्त्र अधिनियम 1959 के तहत भी मामले दर्ज हैं।
उल्लेखनीय है कि बालीगंज के कांकुलिया रोड क्षेत्र में गोलीबारी और बमबाजी की घटना के बाद से ही पुलिस उसे तलाश रही है, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल सका है। उस पर जबरन वसूली, धमकी और कंस्ट्रक्शन सिंडिकेट संचालन जैसे गंभीर आरोप हैं।
ईडी ने सोना पप्पू को भी समन जारी किया था, लेकिन वह एजेंसी के सामने पेश नहीं हुआ। इस बीच उसने सोशल मीडिया पर लाइव आकर छापेमारी के दौरान अपनी पत्नी और वृद्ध पिता के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाया।
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में प्रभावशाली लोगों से कथित संबंधों को लेकर भी जांच की जा रही है, जिससे राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

