अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पहले मैथन डैम पर विशेष योग प्रशिक्षण सत्र आयोजित
पश्चिम बर्दवान, 18 जून (हि. स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के पूर्व आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत गुरुवार को आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से सालानपुर थाना क्षेत्र स्थित मैथन डैम (नहर) के किनारे एक विशेष योग प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य योग को स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक फिटनेस तथा समग्र कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में बढ़ावा देना था।
इस योग सत्र में आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डा प्रणव कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ-साथ दामोदर वैली कॉरपोरेशन, सीआईएसएफ तथा वन विभाग के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने प्रशिक्षित योग अभ्यासों में हिस्सा लिया तथा उन्हें बेहतर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व स्वास्थ्य जागरूकता, अनुशासन और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक सहभागिता के महत्व पर विशेष बल दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

