home page

बांकुड़ा के बड़जोड़ा औद्योगिक क्षेत्र में बॉयलर फटने से तीन श्रमिक घायल

 | 

बांकुड़ा, 20 अगस्त (हि.स.)। बांकुड़ा जिले के बड़जोड़ा प्रखंड के घुटगड़िया स्थित एक निजी कारखाने में गुरुवार तड़के बॉयलर फटने से तीन श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कारखाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह काम के दौरान अचानक कारखाने का बॉयलर फट गया। इसकी चपेट में आने से वहां काम कर रहे तीन श्रमिक घायल हो गए। घटना के बाद सहकर्मियों और कारखाना प्रबंधन की मदद से घायलों को तत्काल बड़ेाजोड़ा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों श्रमिकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर के एक निजी चिकित्सा केंद्र में ले जाया गया। वहां उनका उपचार चल रहा है।

हादसा किस वजह से हुआ, इसका तत्काल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता