इंदास में सीजेपी कार्यकर्ता के पिता की मौत, आठ गिरफ्तार
बांकुड़ा, 16 अगस्त (हि. स.)। जिले के इंदस थाना क्षेत्र के करिशुंडा गांव स्थित एक घर में घुसकर पिता-पुत्र की कथित तौर पर पिटाई करने के मामले में पुलिस ने आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक स्थानीय भाजपा नेता भी शामिल बताया जा रहा है। सभी आरोपितों को रविवार को विष्णुपुर महकमा अदालत में पेश किया गया। मृतक की पहचान शेख मोहम्मद माफिक (51) के रूप में हुई है।
बताया गया है कि उनका पुत्र शेख अब्दुल हाफिज स्थानीय प्राथमिक विद्यालय की बदहाली और अव्यवस्था के खिलाफ ककरोच जनता पार्टी के बैनर तले आंदोलन कर रहा था। इसी को लेकर गुरुवार रात कुछ लोगों ने कथित तौर पर उसके घर में घुसकर पिता-पुत्र के साथ मारपीट की। पुत्र को बचाने पहुंचे माफिक पर भी हमला किया गया। गंभीर हालत में उन्हें पहले इंदास अस्पताल और बाद में बर्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार रात उनकी मौत हो गई।
माफिक की पत्नी हसीना बेगम ने रविवार को इंदास थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

