इंडियन ऑयल द्वारा कोलकाता में रिटेल सेफ्टी कैंपेन का आयोजन
कोलकाता, 13 मई (हि.स.)। पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा जागरूकता, आपातकालीन तैयारी एवं सर्वोत्तम परिचालन प्रथाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के तत्वाधान में महानगर कोलकाता के प्रिंस अनवर शाह रोड स्थित प्रिंस सर्विस स्टेशन में रिटेल सेफ्टी कैंपेन आयोजित किया गया। इस अभियान के माध्यम से कंपनी ने अपने रिटेल नेटवर्क में सुरक्षा मानकों एवं परिचालन उत्कृष्टता को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस दौरान गतिविधियों की समीक्षा मार्केटिंग हेड ऑफिस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (हेल्थ, सेफ्टी एंड एनवायरनमेंट), देब कुमार सरकार द्वारा की गई। इस मौके पर पश्चिम बंगाल कार्यालय के रिटेल प्रमुख, आशीष कुमार गुप्ता तथा कोलकाता शाखा के प्रमुख, राजीब बिस्वास भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी का आकलन करनेके लिए बड़े स्टार पर सुरक्षात्मक प्रयोग (मॉक ड्रिल) किया गया। साथ ही पेट्रोल पंप पर उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं एवं अग्निशमन उपकरणों का विस्तृत निरीक्षण भी किया गया, ताकि उनकी कार्यक्षमता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयारी सुनिश्चित की जा सके। देब कुमार सरकार ने देशभर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर इस प्रकार के सुरक्षा अभियानों के आयोजन पर बल दिया, जिससे संगठन में सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं सक्रिय जोखिम प्रबंधन को और सुदृढ़ किया जा सके।
इस मौके पर कन्सर्न फॉर कलकत्ता के अध्यक्ष नारायण जैन और दिलीप लोयलका ने जन-जागरूकता हेतु सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए इंडियन ऑयल की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

