home page

स्वतंत्रता दिवस पर वीर सपूतों को नमन, मुख्यमंत्री ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

 | 
स्वतंत्रता दिवस पर वीर सपूतों को नमन, मुख्यमंत्री ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं


कोलकाता, 15 अगस्त (हि.स.)। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने शनिवार सुबह सात बजे सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि आज के इस विशेष दिन पर मां भारती के उन सभी वीर सपूतों को स्मरण करना चाहिए, जिन्होंने अपना जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित कर हमें स्वतंत्र भारत प्रदान किया। उनके त्याग और संघर्ष के कारण ही आज हम स्वतंत्र आकाश के नीचे आजादी से सांस ले पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल एक शब्द नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। देश के प्रति प्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने देशवासियों से मिलकर एक विकसित, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने संदेश के अंत में सभी भारतवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने ‘जय हिंद’ और ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष भी किया।

मुख्यमंत्री के संदेश में स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान को स्मरण करने के साथ ही राष्ट्र की एकता, सद्भाव और मजबूत भारत के निर्माण का संकल्प प्रमुखता से सामने आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता