हुगली में दुर्गापूजा से लेकर रथयात्रा तक सभी बड़े आयोजन रहे दुर्घटनामुक्त : सीपी सुनील यादव
हुगली, 30 अक्टूबर (हि. स.)। हुगली जिले में इस वर्ष दुर्गापूजा सहित विभिन्न बड़े धार्मिक आयोजनों का सफलतापूर्वक और दुर्घटनामुक्त समापन हुआ। इसके लिए पुलिस आयुक्त सुनील यादव ने जनप्रतिनिधियों और साधु-संतों के योगदान की सराहना की। शुक्रवार शाम चुचुड़ा में चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित विजया सम्मेलन के दौरान पुलिस आयुक्त सुनील यादव ने कहा कि नागरिक प्रशासन हो या पुलिस प्रशासन, सभी के लिए लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है। इस बार की दुर्गापूजा में चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट इलाके में कोई दुर्घटना नहीं घटी।
वहीं, हुगली के जिलाधिकारी खुर्शीद अली कादरी ने बताया कि एक करोड़ से अधिक लोगों की भागीदारी वाले श्रवणी मेले का आयोजन भी दुर्घटनामुक्त रहा। इसके अलावा महेश, गुप्तिपाड़ा सहित विभिन्न स्थानों पर रथयात्रा और अन्य बड़े आयोजनों का भी सफलतापूर्वक आयोजन हुआ।
उन्होंने कहा कि इन आयोजनों को दुर्घटनामुक्त बनाने में जनप्रतिनिधियों, साधु-संतों और आम जनता का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है।
कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त सुनील यादव, जिलाधिकारी खुर्शीद अली कादरी, मंत्री भास्कर भट्टाचार्य, सांसद रचना बनर्जी, विधायक सुबीर नाग, दिपांजन चक्रवर्ती, दिपांजन गुहा, दिलीप सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

