दुर्गापुर में अवैध शराब बिक्री के आरोप में एक गिरफ्तार, भारी मात्रा में देशी एवं विदेशी शराब बरामद
पश्चिम बर्दवान, 28 जुलाई (हि. स.)। दुर्गापुर के कोक ओवन थाना क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान करंगपाड़ा निवासी कमलेश हाजरा के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सरकारी नियमों के तहत वैध लाइसेंस या आबकारी विभाग की अनुमति के बिना शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कमलेश हाजरा पर लेनिन सरणी स्थित एक दुकान से रात के समय शराब बेचने का आरोप था।
मंगलवार को मिली सूचना के आधार पर कोक ओवन थाना पुलिस ने संबंधित दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपित को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में देशी और विदेशी शराब बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

