home page

सिलीगुड़ी में अवैध टोल वसूली पर कार्रवाई, विधायक शिखा चटर्जी ने बंद कराया संग्रह

 | 
सिलीगुड़ी में अवैध टोल वसूली पर कार्रवाई, विधायक शिखा चटर्जी ने बंद कराया संग्रह


सिलीगुड़ी, 14 जून (हि. स.)। फुलबाड़ी बाईपास पर अवैध टोल वसूली के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डाबग्राम-फुलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक शिखा चटर्जी ने रविवार को खुद मौके पर पहुंचकर टोल संग्रह बंद करा दिया। विधायक शिखा चटर्जी एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने फुलबाड़ी पहुंची थी, जहां उनकी नजर बाईपास पर हो रही टोल वसूली पर पड़ी। उन्होंने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए मौके पर जाकर टोल वसूली रुकवा दी।

उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण (एसजेडीए) के नाम पर फुलबाड़ी बाईपास से फुलबाड़ी-घोषपुकुर सड़क तक छोटे-बड़े मालवाहक और यात्री वाहनों से अवैध रूप से टोल वसूला जा रहा था।

गौरतलब है कि मई महीने में राजनीतिक बदलाव के बाद भाजपा समर्थकों ने भी इस टोल प्लाजा पर पहुंचकर टोल वसूली बंद कराई थी। उस समय आरोप था कि वाहन चालकों से 100 से 500 रुपये तक वसूले जा रहे थे। हालांकि कुछ समय बाद एक नोटिस जारी कर फिर से टोल संग्रह शुरू कर दिया गया था।

विधायक शिखा चटर्जी ने कहा कि मुझे पहले से शिकायत मिल रही थी कि यहां अवैध तरीके से पैसे वसूले जा रहे है। आज खुद देखने के बाद मैंने तुरंत कार्रवाई करते हुए टोल बंद करा दिया। इस तरह की अवैध वसूली किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में दोबारा टोल शुरू करने की कोशिश हुई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार