आसनसोल में अवैध पार्किंग के खिलाफ पुलिस ने चलाया अभियान
आसनसोल , 23 मई (हि. स.)। आसनसोल में अवैध पार्किंग के खिलाफ आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमीशनरेट (एडीपीसी) के ट्रैफिक विभाग ने हाट्टन रोड से लेकर ऊषाग्राम तक व्यापक जांच अभियान चलाया।
यह कार्रवाई ट्रैफिक डीसी पीवीजी सतीश के नेतृत्व में की गई, जिसमें कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। पूरे इलाके में पार्किंग स्थलों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान जिन पार्किंग स्थलों के कागजात सही नहीं पाए गए, वहां तुरंत प्रभाव से पार्किंग शुल्क की वसूली बंद करने का आदेश दिया गया।
पुलिस ने साफ कहा कि जांच पूरी होने तक वहां वाहन खड़े किए जा सकते हैं, लेकिन किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। जिन स्थानों के दस्तावेज वैध पाए गए, उन्हें संचालन की अनुमति दी गई।
अभियान के दौरान इस्टर्न रेलवे स्कूल आसनसोल के पास पुलिस पहुंची तो वहां का पार्किंग संचालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय कर्मचारी रंजन के अनुसार यह पार्किंग बप्पा चटर्जी
द्वारा चलाई जा रही थी। अवैध संचालन के कारण पुलिस को देखते ही वह भाग निकला।
पुलिस की इस कार्रवाई से हाट्टन रोड और ऊषाग्राम क्षेत्र में अवैध पार्किंग चलाने वाले संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि लच्छीपुर इलाके में भी अवैध पार्किंग और सिंडिकेट के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही खान-पान के स्टालों से हो रही मनमानी वसूली पर भी रोक लगाने की मांग उठ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

