home page

बाइक हादसे के बाद खुला अवैध शराब तस्करी का राज, 50 लीटर से अधिक शराब जब्त

 | 

पश्चिम मेदिनीपुर, 21 सितंबर (हि. स.)। जिले के दासपुर थाना क्षेत्र में देर रात बाइक दुर्घटना के बाद अवैध देशी शराब की तस्करी का खुलासा हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक से 50 लीटर से अधिक अवैध देशी शराब बरामद कर चालक को गिरफ्तार किया है।आरोपित की पहचान मुक्ति बासुली के रूप में हुई है। वह पश्चिम मेदिनीपुर जिले के डेबरा थाना क्षेत्र के हरिनारायणपुर गांव का निवासी बताया गया है। वह देर रात बाइक से अवैध देशी शराब लेकर जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे दासपुर थाना क्षेत्र के बारासात मोड़ के पास बागपाड़ा इलाके में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल चालक की मदद के लिए बाइक उठाने लगे। इसी दौरान बाइक पर बंधे क्रेट से देशी शराब के पाउच और पैकेट निकलने लगे।

स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दासपुर पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक के साथ उस पर लदी 50 लीटर से अधिक अवैध देशी शराब जब्त कर ली। पुलिस ने बाइक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

दासपुर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता