स्वतंत्रता दिवस से पहले दांतन में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पटाखे का सामान बरामद
पश्चिम मेदिनीपुर, 14 अगस्त (हि. स.)। स्वतंत्रता दिवस से पहले जिले के दांतन में पुलिस ने अवैध पटाखे बनाने और उसके भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को दांतन थाना क्षेत्र के तुर्का दक्षिण बस्ती इलाके में पुलिस ने अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में पटाखे और पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल तथा विभिन्न उपकरण बरामद किए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभियान के दौरान कई क्विंटल से अधिक पटाखे बनाने का कच्चा माल बरामद किया गया है। इसके अलावा पटाखे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण और अन्य सामग्री भी पुलिस के हाथ लगी है।
पुलिस की यह कार्रवाई बेलदा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी आनंद मंडल और दांतन थाना प्रभारी सुबीर माझी की देखरेख में की गई। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे बनाने की सामग्री बरामद होने से इलाके में हलचल मच गई है।
पुलिस ने अवैध रूप से पटाखे बनाने और उसका भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की बात कही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

