दीघा में अवैध रेलवे ई-टिकटिंग रैकेट का भंडाफोड़
खड़गपुर, 02 अप्रैल (हि. स.)। रेलवे सुरक्षा बल की खड़गपुर डिवीजन टीम ने दीघा इलाके में चल रहे अवैध ई-टिकटिंग रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक मुख्य आरोपित के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गुरुवार दोपहर जारी प्रेस विज्ञप्ति में अधिकारियों ने बताया कि आरपीएफ को सूचना मिली थी कि कुछ मोबाइल नंबरों के जरिए रेलवे के ई-टिकटों का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर आरपीएफ/सीआईबी खड़गपुर और आरपीएफ पोस्ट दीघा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि एक व्यक्ति आईआरसीटीसी की कई व्यक्तिगत यूजर आईडी का दुरुपयोग कर टिकट बुक करता था और उन्हें अधिक कीमत पर बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहा था।
आरपीएफ पोस्ट दीघा में 30 मार्च 2026 को रेलवे एक्ट की धारा 143 के तहत केस संख्या 60/2026 दर्ज किया गया। नोटिस मिलने के बाद आरोपित एक अप्रैल को आरपीएफ पोस्ट दीघा में पेश हुआ और उसने अपना मोबाइल फोन व अन्य दस्तावेज जांच अधिकारियों को सौंप दिए।
जांच के दौरान आरोपित के पास से तीन लाइव ई-टिकट और 12 पुराने अथवा उपयोग किए गए टिकट बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह अलग-अलग व्यक्तिगत आईडी का इस्तेमाल कर टिकट बुक करता था और प्रत्येक टिकट पर यात्रियों से 100 से 300 रुपये तक अतिरिक्त वसूली करता था। मोबाइल फोन की जांच में कई अन्य संदिग्ध यूजर आईडी और टिकटों से जुड़ा डेटा भी मिला, जिन्हें साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

