home page

अवैध होर्डिंग मामले में पूछताछ के लिए थाने पहुंचे डेरेक ओ ब्रायन, तय समय से पहले हुए हाजिर

 | 
अवैध होर्डिंग मामले में पूछताछ के लिए थाने पहुंचे डेरेक ओ ब्रायन, तय समय से पहले हुए हाजिर


कोलकाता, 2 सितंबर (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ ब्रायन बुधवार को मध्य कोलकाता के शेक्सपियर सरणी थाने पहुंचे। वे पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी के कमैक स्ट्रीट स्थित कार्यालय में अवैध होर्डिंग हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में पूछताछ के लिए पुलिस के सामने पेश हुए।

ब्रायन को दोपहर 12 बजे तक थाने में पेश होने का निर्देश दिया गया था, लेकिन वे सुबह करीब 10.30 बजे ही अपनी कार चलाकर थाने पहुंच गए। अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित रॉय को भी बुधवार को इसी मामले में पूछताछ के लिए थाने में पेश होना है।

इससे पहले मंगलवार दोपहर अभिषेक बनर्जी शेक्सपियर सरणी थाने पहुंचे थे। पुलिस ने उनसे छह घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी।

ब्रायन को मूल रूप से सोमवार को पूछताछ के लिए थाने में पेश होना था, लेकिन वह नहीं पहुंचे। उनके वकील ने कोलकाता पुलिस को पत्र लिखकर पेशी के लिए सात दिन का समय मांगा था। पुलिस ने उनकी मांग खारिज करते हुए बुधवार दोपहर तक पेश होने के लिए नया नोटिस जारी किया था। इसके बाद ब्रायन बुधवार को तय समय से पहले ही थाने पहुंच गए।

दरअसल, 27 अगस्त को कैमक स्ट्रीट स्थित अभिषेक बनर्जी के कार्यालय में लगे अवैध होर्डिंग को हटाने के लिए कोलकाता नगर निगम के कर्मचारी पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे थे। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। आरोप है कि अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ ब्रायन और पार्टी के अन्य नेताओं की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई।

शेक्सपियर सरणी थाने में दर्ज तीन प्राथमिकी में पुलिस ने तृणमूल कार्यकर्ताओं पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने और एक महिला पुलिस अधिकारी की मर्यादा भंग करने का प्रयास करने सहित कई आरोप लगाए हैं।

इनमें से दो प्राथमिकी में अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ ब्रायन के अलावा तृणमूल नेताओं हुमायूं कबीर और बैश्वानर चटर्जी समेत अन्य के नाम दर्ज हैं। इस मामले में पुलिस अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर