अवैध आधार केंद्र का खुलासा, दो बांग्लादेशी नागरिकों समेत तीन गिरफ्तार
कोलकाता, 06 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में पुलिस ने अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाने वाले एक केंद्र का पता लगाया है। कार्रवाई के दौरान दो बांग्लादेशी नागरिकों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। मौके से 28 से अधिक संदिग्ध आधार कार्ड और कई जरूरी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। मामला माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के शिशाबाड़ी इलाके का है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को शुकना आर्मी इंटेलिजेंस और माटीगाड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने शिशाबाड़ी इलाके में छापेमारी की। एक निजी मकान में अवैध रूप से आधार नामांकन केंद्र चलाए जाने की जानकारी मिली थी। कार्रवाई के दौरान बांग्लादेशी नागरिक सुशील राय और नीलफामारी निवासी लिटु महांतो को गिरफ्तार किया गया।
आरोप है कि दोनों भारतीय पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड बनवाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों करीब दो वर्षों से शिशाबाड़ी इलाके में किराये के मकान में रह रहे थे। आधार कार्ड बनवाने के लिए उन्होंने कथित तौर पर 10-10 हजार रुपये दिए थे।
पुलिस के पहुंचने से पहले केंद्र का मुख्य संचालक रिपन राय मौके से फरार हो गया। उसकी पत्नी पवित्रा रानी राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
छापेमारी के दौरान 28 से अधिक संदिग्ध या अवैध तरीके से बनाए गए आधार कार्ड और उनसे जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए। माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

