home page

आईआईटी छात्र की मौत पर परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, उठे कई सवाल

 | 
आईआईटी छात्र की मौत पर परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, उठे कई सवाल


खड़गपुर, 15 अगस्त (हि.स.)।आईआईटी खड़गपुर के मेधावी छात्र अंकित शर्मा की मौत को दुर्घटना या आत्महत्या मानने से परिवार ने इनकार किया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अंकित को चार मंजिल से किसी ने धक्का देकर नीचे गिराया है। वहीं पुलिस का कहना है कि दुर्घटना, आत्महत्या और धक्का देकर गिराए जाने सहित तीनों पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। आईआईटी प्रबंधन ने भी घटना की वास्तविकता सामने लाने के लिए आंतरिक जांच समिति गठित की है।

गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे नालंदा परिसर की चार मंजिल से गिरने के बाद यांत्रिक अभियंत्रण के द्वितीय वर्ष के छात्र अंकित शर्मा की मौत हो गई। शुक्रवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इस दौरान मृतक के चाचा भंवरलाल शर्मा और चचेरे भाई जयप्रकाश शर्मा भी मौजूद रहे।

परिजनों के अनुसार, पुलिस और आईआईटी प्रबंधन ने मौत के कारण को लेकर दो संभावनाएं बताई हैं। पहली संभावना यह है कि रेलिंग पर बैठकर मोबाइल पर बात करते समय अंकित का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। दूसरी संभावना यह बताई गई कि घटना के दिन बारिश हुई थी और बालकनी फिसलन भरी होने के कारण पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया।

मृतक के चाचा भंवरलाल ने कहा कि परिसर की बालकनी में रेलिंग होने के कारण केवल फिसलने से नीचे गिरने की संभावना उन्हें सही नहीं लगती। उन्होंने कहा कि दोपहर तीन बजे से अंकित की कक्षा थी। कक्षा के दौरान वह रेलिंग पर बैठकर मोबाइल पर बात क्यों करेगा? परिवार को आशंका है कि किसी व्यक्ति के साथ किसी कारण से उसका विवाद हुआ होगा और उसे धक्का देकर नीचे गिराया गया होगा।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि कक्षा के समय परिसर में इतने छात्र और शिक्षक मौजूद थे, फिर किसी ने घटना पर ध्यान क्यों नहीं दिया। परिवार ने यह भी सवाल किया है कि जिस स्थान पर घटना हुई, वहां सीसीटीवी कैमरा क्यों नहीं लगा था।

भंवरलाल ने बताया कि घटना करीब साढ़े तीन बजे हुई, जबकि उससे लगभग एक घंटे पहले ढाई बजे अंकित ने घर पर फोन कर पांच हजार रुपये मांगे थे। उनका कहना है कि यदि मामला आत्महत्या का होता तो अंकित पैसे क्यों मांगता? वहीं पैर फिसलने की स्थिति में उसके हाथ-पैर में चोट लगने की संभावना थी, फिर वह रेलिंग से नीचे कैसे गिरा, यह भी जांच का विषय है।

परिजनों ने कहा है कि वे पूरे मामले में कानूनी सलाह लेकर शिकायत दर्ज कराएंगे। पुलिस मामले की सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता