आईआईटी खड़गपुर में छात्र की इमारत से गिरकर मृत्यु
खड़गपुर, 13 अगस्त (हि. स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर में 19 वर्षीय छात्र की इमारत से गिरने के बाद मृत्यु हो गई। मृत छात्र की पहचान अंकित शर्मा के रूप में हुई है। वह राजस्थान का रहने वाला था और संस्थान के यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग में द्वितीय वर्ष में पढ़ाई कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंकित शर्मा संस्थान के नालंदा परिसर में रहता था। गुरुवार दोपहर करीब चार बजे वह नालंदा परिसर की तीन मंजिला इमारत से नीचे गिर गया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर संस्थान के संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। छात्र की मृत्यु के कारणों को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद संस्थान परिसर में शोक का माहौल है।
मृत छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस और संस्थान के स्तर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

