home page

खड़गपुर प्रौद्योगिकी संस्थान में छात्र की मौत, जांच में जुटी पुलिस

 | 
खड़गपुर प्रौद्योगिकी संस्थान में छात्र की मौत, जांच में जुटी पुलिस


खड़गपुर, 28 अप्रैल (हि. स.)। खड़गपुर प्रौद्योगिकी संस्थान में एक छात्र की रहस्यमय मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार को संस्थान के छात्रावास के एक कमरे से छात्र का शव बरामद किया गया। इससे कुछ दिन पहले भी एक छात्र की मौत की घटना सामने आई थी, जिसके बाद परिसर में चिंता का माहौल बन गया है। मृत छात्र की पहचान सोहम हलदार (22) के रूप में हुई है। वह विद्युत एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग के चौथे वर्ष का छात्र था। उसका घर उत्तर 24 परगना जिले के बारासात क्षेत्र में बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, सोहम पंडित मदनमोहन मालवीय छात्रावास के कक्ष संख्या 329 में रहता था। मंगलवार सुबह काफी देर तक कक्ष का द्वार नहीं खुलने पर सुरक्षा कर्मियों को संदेह हुआ। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और द्वार तोड़कर भीतर प्रवेश किया। अंदर छात्र का शव फंदे से लटका मिला। उसे बी.सी. रॉय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले 18 अप्रैल को भी इसी संस्थान में तृतीय वर्ष के छात्र जयबीर सिंह दरिया (21) की असामान्य परिस्थितियों में मृत्यु हुई थी। वह विनिर्माण अभियांत्रिकी का छात्र था और उसका शव परिसर में अटल बिहारी वाजपेयी छात्रावास के सामने मिला था।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता