आईआईटी खड़गपुर एमडी पाठ्यक्रम शुरू करने वाला देश का पहला आईआईटी बना
खड़गपुर, 12 नवंबर (हि. स.)। देश के प्रथम भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की है। संस्थान राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) से मान्यता प्राप्त एमडी पाठ्यक्रम शुरू करने वाला देश का पहला आईआईटी बन गया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से संस्थान के डॉ. बी.सी. रॉय मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर में स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा के तहत एमडी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।
संस्थान की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पहले चरण में छह विषयों में कुल 12 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रत्येक विषय में दो-दो सीटें होंगी। इनमें जनरल मेडिसिन, रेडियोलॉजी, फिजियोलॉजी, पैथोलॉजी, कम्युनिटी मेडिसिन और बायोकेमिस्ट्री शामिल हैं।
इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश नीट-पीजी 2026 की ऑनलाइन काउंसलिंग के दूसरे चरण के माध्यम से होगा। पात्र अभ्यर्थी मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) के आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध सीट मैट्रिक्स और काउंसलिंग कार्यक्रम के अनुसार विकल्प चुन सकेंगे।
आईआईटी खड़गपुर की इस पहल का उद्देश्य चिकित्सा शिक्षा को आधुनिक तकनीक और अनुसंधान से जोड़ना है। संस्थान के अनुसार, चिकित्सा विज्ञान, अभियांत्रिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), जैव चिकित्सा विज्ञान और तकनीकी अनुसंधान को एक साथ लाकर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए अवसर तैयार किए जाएंगे।
डॉ. बी.सी. रॉय मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर में विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के साथ संस्थान की वैज्ञानिक और तकनीकी सुविधाओं का लाभ भी मिल सकेगा। यहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित रोग निदान, आधुनिक मेडिकल इमेजिंग, कम्प्यूटेशनल पैथोलॉजी, जैव चिकित्सा उपकरण, आणविक निदान और किफायती स्वास्थ्य तकनीक जैसे क्षेत्रों में अनुसंधान की संभावनाएं उपलब्ध होंगी।
संस्थान का मानना है कि चिकित्सा और तकनीक के समन्वय से ऐसे विशेषज्ञ चिकित्सक तैयार किए जा सकेंगे, जो उपचार के साथ-साथ चिकित्सा क्षेत्र में नई खोज और तकनीकी विकास में भी योगदान देंगे। इस पहल से स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित और कम सुविधाओं वाले क्षेत्रों के लिए बेहतर तथा किफायती चिकित्सा समाधान विकसित करने में भी सहायता मिलने की उम्मीद है।
आईआईटी खड़गपुर के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती ने इस उपलब्धि पर कहा कि भारत का पहला आईआईटी अब चिकित्सा शिक्षा के भविष्य को नई दिशा देने की ओर ऐतिहासिक कदम बढ़ा रहा है। संस्थान का उद्देश्य केवल विशेषज्ञ चिकित्सक तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसा शैक्षणिक वातावरण विकसित करना है, जहां चिकित्सा ज्ञान के साथ अभियांत्रिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और अनुसंधान को भी बढ़ावा मिले।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा का भविष्य उन विशेषज्ञों के हाथों में होगा, जो चिकित्सकीय ज्ञान को वैज्ञानिक खोज और तकनीकी नवाचार से जोड़ सकेंगे। आईआईटी खड़गपुर इस दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सक्षम है। संस्थान केवल चिकित्सा के भविष्य का अनुसरण नहीं, बल्कि उसे आकार देना चाहता है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1951 में स्थापित आईआईटी खड़गपुर से ही देश में आईआईटी प्रणाली की शुरुआत हुई थी। पिछले 75 वर्षों में संस्थान ने तकनीकी शिक्षा, विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में देश को कई प्रतिभाएं दी हैं। अब स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत के साथ संस्थान ने अपने शैक्षणिक विस्तार में एक नया अध्याय जोड़ा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

