खड़गपुर आईआईटी द्वारा ग्रामीण महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित
खड़गपुर, 23 मार्च (हि. स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के ग्रामीण विकास एवं अभिनव सतत प्रौद्योगिकी केंद्र (सीआरडीआईएसटी) की ओर से सोमवार सुबह उन्नत भारत अभियान (यूबीए) के तहत झाड़ग्राम जिले की ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गोपीबल्लवपुर-एक और नयाग्राम ब्लॉकों के 20 से अधिक गांवों से 70 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक शोभायात्रा से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने पारंपरिक संस्कृति का प्रदर्शन करते हुए आईआईटी खड़गपुर के मुख्य द्वार से ग्रामीण विकास केंद्र तक मार्च किया।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती ने की। इस अवसर पर प्रो. देबदीप मुखर्जी (एसोसिएट डीन, अनुसंधान एवं विकास) और प्रो. मदन कुमार झा (प्रमुख, सीआरडीआईएसटी) भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्रो. चक्रवर्ती ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं का सशक्तिकरण सामाजिक प्रगति की आधारशिला है। उन्होंने स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता पर बल देते हुए स्थानीय उत्पादों के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने की बात कही।
प्रो. मुखर्जी ने सही जानकारी तक पहुंच के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि गलत सूचना सामाजिक पूर्वाग्रहों को बढ़ा सकती है। वहीं, प्रो. झा ने स्वच्छता और बाल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
कार्यशाला के अंतर्गत दो तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में ग्रामीण स्वास्थ्य और स्वच्छता पर चर्चा हुई, जिसमें डॉ. इंद्रनाथ बनर्जी ने परिवार नियोजन एवं जन्म नियंत्रण पर जानकारी दी। डॉ. शिरीन दासगुप्ता और डॉ. बर्नाली घोष ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर विचार रखे।
दूसरे सत्र में घरेलू ऊर्जा विषय पर प्रो. चिरोदीप बाकली और प्रो. अमित घोष ने ऊर्जा के कुशल उपयोग, संरक्षण और सतत जीवनशैली पर मार्गदर्शन दिया।कार्यक्रम का समन्वयन प्रो. सोमनाथ घोषाल ने किया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन की आवश्यकता जताई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

