आईआईटी खड़गपुर का पुरुलिया में विद्यालय संपर्क कार्यक्रम आयोजित
खड़गपुर, 18 मार्च (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के प्लेटिनम जयंती समारोह के अंतर्गत पुरुलिया में एक विद्यालय संपर्क कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह पहल संस्थान की शैक्षणिक पहुंच को सुदृढ़ करने तथा समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य कक्षा सात से 10 तक के विद्यार्थियों को प्राकृतिक भाषा आंकड़ों के विश्लेषण की मूलभूत अवधारणाओं से परिचित कराना तथा बहुभाषिकता और भाषा प्रौद्योगिकी के प्रति उनकी समझ विकसित करना था।
यह कार्यक्रम बाघमुंडी उच्च विद्यालय (एच.एस.) तथा रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ में आयोजित किया गया, जहां विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यशालाओं के दौरान विद्यार्थियों को प्राकृतिक भाषा आंकड़ों के संग्रह, आंकड़ा सत्यापन तथा बहुभाषी आंकड़ों के माध्यम से प्रतिरूप (मॉडल) प्रशिक्षण की व्यावहारिक जानकारी दी गई। साथ ही, उन्होंने लुप्तप्राय भाषाओं, भाषा पारिस्थितिकी के बारे में सीखा तथा बांग्ला एवं अन्य स्थानीय भाषाओं में भाषा संबंधी पहेलियों को हल किया।
कार्यक्रम का समन्वयन एवं संचालन डॉ. द्रिप्ता पिपलाई (मंडल) तथा डॉ. बोरनिनी लाहिड़ी, मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विभाग, आईआईटी खड़गपुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में आमंत्रित वक्ताओं डॉ. रितेश कुमार तथा प्रोफेसर बिस्वजीत रे ने अपने विशेषज्ञ विचारों से इसे समृद्ध बनाया।
संस्थान महुआ बसाक तथा स्वामी शिवप्रदानंद के प्रति उनके सहयोग और समर्थन के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता है। इस प्रकार की पहलों के माध्यम से आईआईटी खड़गपुर विद्यालयी शिक्षा के साथ अपनी गतिविधियों का विस्तार करते हुए युवा प्रतिभाओं को नए ज्ञान क्षेत्रों की ओर प्रेरित कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

