आईआईटी खड़गपुर में एआई आधारित स्मार्ट कैंपस बस सेवा शुरू
खड़गपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर ने स्वदेशी सॉफ्टवेयर की सहायता से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित स्मार्ट कैंपस बस सेवा शुरू की है। संस्थान के सिटी फ्यूचर लैब में विकसित पब्ब्स ट्रांजिट वी2.0 (पब्स ट्रांजिट वी 2.0) सॉफ्टवेयर के माध्यम से यह सेवा संचालित होगी। इसमें बसों की स्वचालित समय-सारणी, वास्तविक समय में निगरानी, परिचालन प्रबंधन और इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने की सुविधाएं शामिल हैं। इस तकनीक को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा कार्यक्रम के तहत देश के अन्य शहरों में भी लागू करने की संभावना है।
यह सॉफ्टवेयर आईआईटी खड़गपुर के वास्तुकला एवं क्षेत्रीय नियोजन विभाग के प्रोफेसर देबब्रत पंडित के मार्गदर्शन में विकसित किया गया है। लगभग सात वर्षों के अनुसंधान का परिणाम यह तकनीक है। इसमें कई पीएचडी और स्नातकोत्तर शोध, एल्गोरिदम विकास, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग तथा वास्तविक परिस्थितियों में परीक्षण शामिल हैं। इसका उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन में अनियमित बस परिचालन, समय-सारणी की समस्या, यात्रियों की मांग का अनुमान लगाने और इलेक्ट्रिक बसों के प्रबंधन जैसी चुनौतियों का समाधान करना है।
नई सेवा के तहत परिसर में ब्लू, ऑरेंज, वायलेट और ग्रीन नाम से चार मार्ग निर्धारित किए गए हैं। ये मार्ग शैक्षणिक विभागों, छात्रावासों, आवासीय क्षेत्रों, बाजारों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ेंगे। सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 7:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक बसें चलेंगी। विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और परिसर के निवासियों को आगामी परीक्षाएं समाप्त होने तक यह सेवा निःशुल्क मिलेगी।
पब्ब्स ट्रांजिट मोबाइल एप के माध्यम से यात्री बसों की वास्तविक समय की स्थिति, मार्ग, समय-सारणी और पहुंचने का अनुमानित समय देख सकेंगे। एप से डिजिटल टिकट खरीदने की सुविधा भी होगी। क्यूआर कोड आधारित टिकट व्यवस्था से चढ़ने और टिकट सत्यापन की प्रक्रिया आसान होगी। केंद्रीकृत प्रबंधन प्रणाली के माध्यम से बसों और दैनिक परिचालन पर नजर रखी जाएगी।
इस प्रणाली की विशेषता यह है कि यह मशीन लर्निंग तकनीक से पुराने और वास्तविक समय के टिकट आंकड़ों, यात्रियों की संख्या, यातायात की स्थिति तथा यात्रा समय का विश्लेषण करती है। इसके आधार पर यात्रियों की मांग का अनुमान लगाकर बसों की संख्या और समय-सारणी निर्धारित की जा सकती है। इससे बसों के निष्क्रिय रहने का समय घटेगा और उपलब्ध वाहनों का बेहतर उपयोग होगा।
प्रणाली वास्तविक समय में बसों की आवाजाही पर नजर रखकर चालकों को प्रस्थान और आगमन के अंतराल को नियंत्रित करने के निर्देश भी दे सकती है। मांग के अनुसार अतिरिक्त बसें चलाने और समय-सारणी में बदलाव करने में भी यह सहायता करेगी। इसके अतिरिक्त बसों में निगरानी, एआई आधारित यात्री गणना, आपातकालीन सूचना, चालक संवाद और स्वचालित प्रदर्शन विश्लेषण की सुविधाएं भी दी गई हैं। इससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक स्वचालित, व्यवस्थित और आंकड़ों पर आधारित बनाने में सहायता मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

