आईआईटी खड़गपुर के प्रोफेसर अरुण कुमारेंदु सिंह बने पश्चिम बंगाल सरकार के स्वास्थ्य सलाहकार
खड़गपुर, 10 नवंबर (हि. स.)। आईआईटी खड़गपुर के मेडिकल स्कूल में बाल रोग विभाग के अध्यक्ष प्रो. अरुण कुमारेंदु सिंह को पश्चिम बंगाल सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने दो वर्ष के लिए सलाहकार नियुक्त किया है। वे राज्य में विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए काम करेंगे। उनकी नियुक्ति को आईआईटी खड़गपुर ने संस्थान के लिए गौरव की बात बताया है।
मंगलवार शाम आईआईटी खड़गपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति अनुसार, प्रो. सिंह नवजात शिशुओं के उपचार और उनकी जान बचाने के क्षेत्र में देश के प्रमुख विशेषज्ञों में शामिल हैं। उन्हें भारत में विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाइयों (एसएनसीयू) की स्थापना और विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान के लिए जाना जाता है। इसी कारण उन्हें एसएनसीयू का जनक भी कहा जाता है।
नवजात शिशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उनके प्रयासों ने देश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी है। उनका पुरुलिया मॉडल विशेष रूप से चर्चित रहा है। इस मॉडल के माध्यम से कम खर्च में और स्थानीय स्तर पर नवजात शिशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। उन्होंने नवजात एवं प्रसवकालीन देखभाल केंद्रों, मानव दुग्ध बैंक तथा बच्चों के लिए प्रारंभिक उपचार सुविधाओं के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
प्रो. सिंह का योगदान केवल अस्पतालों में उपचार तक सीमित नहीं रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से जुड़े विशेषज्ञ के रूप में उन्होंने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के विकास में योगदान दिया। इस कार्यक्रम के तहत बच्चों में जन्मजात बीमारियों, पोषण की कमी और विकास संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान तथा उपचार की व्यवस्था की गई है। माता एवं शिशु सुरक्षा कार्ड जैसी योजनाओं में भी उनकी महत्वपूर्ण भागीदारी रही है।
इससे पहले प्रो. सिंह कोलकाता के आईपीजीएमईआर एवं एसएसकेएम अस्पताल और एम्स जोधपुर में महत्वपूर्ण शैक्षणिक तथा चिकित्सा संबंधी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वर्तमान में वे आईआईटी खड़गपुर के मेडिकल स्कूल में पूर्णकालिक प्रोफेसर और बाल रोग विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।
पश्चिम बंगाल सरकार ने स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अरूप कुमार माजी को भी स्वास्थ्य सलाहकार नियुक्त किया है। इन नियुक्तियों के माध्यम से राज्य में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए अनुभवी चिकित्सकों की विशेषज्ञता का उपयोग किया जाएगा।
आईआईटी खड़गपुर के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती ने प्रो. सिंह को बधाई देते हुए कहा कि नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके कार्यों ने विशेष रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम में उनका योगदान भी सराहनीय रहा है। राज्य सरकार की ओर से उन्हें सलाहकार की जिम्मेदारी मिलना उनकी विशेषज्ञता और अनुभव का सम्मान है।
उन्होंने कहा आईआईटी खड़गपुर का मेडिकल स्कूल चिकित्सा शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इसके तहत इंजीनियरिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और जैव चिकित्सा तकनीक का उपयोग कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। संस्थान का लक्ष्य चिकित्सकों और तकनीकी विशेषज्ञों के सहयोग से कम खर्च में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का मॉडल तैयार करना है। इसके लिए राज्य और केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

