गंगा-हुगली नदी में प्रदूषण घटने का आईआईटी शोध में खुलासा
खड़गपुर, 17 नवंबर (हि. स.)। गंगा-हुगली नदी मुहाना क्षेत्र में धातु प्रदूषण के स्तर में पिछले वर्षों की तुलना में 37.76 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के शोधकर्ताओं के एक अध्ययन में यह बात सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका ‘जियोहेल्थ’ में प्रकाशित इस अध्ययन में नदी के तल में जमा तलछट में धातु प्रदूषण के बदलते स्तर का विश्लेषण किया गया है।
अध्ययन में भारत, चीन और अमेरिका के 10 प्रमुख नदी मुहाना क्षेत्रों को शामिल किया गया। शोधकर्ताओं ने कुल एक हजार 323 वैज्ञानिक शोध पत्रों की समीक्षा की और उनमें से लगभग 150 शोध पत्रों के आंकड़ों के आधार पर प्रदूषण का तुलनात्मक आकलन किया।
शोध के अनुसार, गंगा-हुगली मुहाना क्षेत्र में प्रदूषण भार सूचकांक (पीएलआई) में 37.76 प्रतिशत की दीर्घकालिक कमी आई है। इस क्षेत्र का हालिया औसत प्रदूषण भार सूचकांक 0.90 पाया गया, जो अध्ययन में शामिल भारतीय नदी मुहाना क्षेत्रों में सबसे कम है। वर्ष 2001 के आसपास यहां प्रदूषण का स्तर अधिक था, जबकि वर्ष 2015 के बाद उपलब्ध अध्ययनों में अपेक्षाकृत कम प्रदूषण दर्ज किया गया।
अध्ययन में वर्ष 2014 में शुरू किए गए केंद्र सरकार के ‘नमामि गंगे कार्यक्रम’ के बाद प्रदूषण में गिरावट की प्रवृत्ति का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि इस सुधार का श्रेय किसी एक योजना को नहीं दिया जा सकता। इसके पीछे पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट जल प्रबंधन, औद्योगिक प्रदूषण पर नियंत्रण और अन्य प्रयासों की भूमिका हो सकती है।
तुलनात्मक अध्ययन में भारत की महानदी, गंगा-हुगली, कोचीन और उल्हास नदी मुहाना प्रणालियों को शामिल किया गया। वहीं अमेरिका के हडसन, चेसापीक बे और गैल्वेस्टन बे तथा चीन की यांग्त्ज़ी, येलो रिवर और पर्ल रिवर प्रणालियों का भी अध्ययन किया गया। महानदी क्षेत्र में प्रदूषण भार सूचकांक में 70.46 प्रतिशत और अमेरिका के हडसन नदी मुहाना क्षेत्र में 80.68 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। हडसन में यह गिरावट अध्ययन में शामिल सभी क्षेत्रों में सबसे अधिक रही। वहीं उल्हास और कोचीन में प्रदूषण का स्तर अपेक्षाकृत अधिक अथवा परिवर्तनशील पाया गया।
शोध में जनसंख्या के दबाव को ध्यान में रखकर प्रदूषण का आकलन करने की एक नई पद्धति ‘जनसंख्या सामान्यीकृत प्रदूषण भार’ (पीएनपीएल) भी प्रस्तुत की गई है। इससे बढ़ती आबादी और मानवीय गतिविधियों के बीच प्रदूषण के स्तर को समझने में सहायता मिलेगी।
यह शोध आईआईटी खड़गपुर के सेंटर फॉर ओशन, रिवर, एटमॉस्फियर एंड लैंड साइंसेज (कोरल) के प्रो. पार्थसारथी चक्रवर्ती के नेतृत्व में किया गया। शोध दल में सोहम चटर्जी, अनिंद्य दास, गुंजन रॉय, स्मृतिरेखा मोहंता और सुचरिता चक्रवर्ती शामिल हैं।
शोधकर्ताओं के अनुसार, नदी प्रदूषण में कमी उत्साहजनक है, लेकिन इसे बनाए रखने के लिए नियमित वैज्ञानिक निगरानी, सीवेज उपचार, औद्योगिक अपशिष्ट पर नियंत्रण और प्रभावी पर्यावरणीय नीतियों का लगातार क्रियान्वयन जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

